अर्ध-सरकारी पत्र (Demi-Official Letter / D.O. Letter)
अर्ध-सरकारी पत्र (Demi-Official Letter / D.O. Letter) प्रशासनिक पत्राचार का एक विशिष्ट और महत्वपूर्ण प्रारूप है। इसका प्रयोग तब किया जाता है जब दो सरकारी अधिकारियों के बीच किसी प्रशासनिक कार्य को शीघ्रता से निपटाने या व्यक्तिगत ध्यान आकर्षित करने की आवश्यकता होती है।
1. शाब्दिक अर्थ और परिभाषा
-
शाब्दिक अर्थ: “अर्ध-सरकारी” का अर्थ है – “आधा सरकारी और आधा व्यक्तिगत”। अंग्रेज़ी में इसे Demi-Official Letter या संक्षेप में D.O. Letter कहा जाता है।
-
परिभाषा: “जब एक सरकारी अधिकारी किसी दूसरे सरकारी अधिकारी को किसी सरकारी या सार्वजनिक कार्य के त्वरित निष्पादन, किसी विषय पर व्यक्तिगत ध्यान आकर्षित करने, सलाह लेने या सूचना प्राप्त करने के लिए व्यक्तिगत शैली (मैत्रीभाव) में पत्र लिखता है, तो उसे अर्ध-सरकारी पत्र कहते हैं।”
2. अर्ध-सरकारी पत्र लिखने के मुख्य उद्देश्य
-
अत्यंत अविलंबनीय मामले (Urgent Matters): जब किसी सरकारी पत्र-व्यवहार से देरी हो रही हो और उसे तुरंत पूरा कराना हो।
-
व्यक्तिगत ध्यान आकर्षित करना: जब किसी जटिल या रुके हुए मामले पर संबंधित अधिकारी का व्यक्तिगत ध्यान दिलाना आवश्यक हो।
-
गोपनीयता बनाए रखना (Confidential Matters): जब विषय अत्यंत संवेदनशील या गोपनीय हो।
-
परामर्श या राय माँगना: किसी नीतिगत या जटिल मुद्दे पर किसी समकक्ष या अधीनस्थ अधिकारी से अनौपचारिक सलाह प्राप्त करने हेतु।
3. अर्ध-सरकारी पत्र की मुख्य विशेषताएँ
-
उत्तम पुरुष (First Person) शैली: सामान्य सरकारी पत्रों के विपरीत यह हमेशा “उत्तम पुरुष” (मैं / हम) शैली में लिखा जाता है।
-
व्यक्तिगत एवं आत्मीय संबोधन: इसमें औपचारिक संबोधनों (जैसे “महोदय”) के स्थान पर अनौपचारिक व आत्मीय संबोधनों का प्रयोग किया जाता है; जैसे – “प्रिय श्री [नाम]”, “प्रियवर” आदि।
-
अनौपचारिक समापन (स्वनिर्देश): अंत में “भवदीय” या “आपका विश्वासी” के स्थान पर “आपका”, “शुभेच्छु” या “आपका स्नेही” लिखा जाता है।
-
प्रेषक और प्रेषिती का पद: यह हमेशा समान स्तर (समकक्ष) या उच्च अधिकारी से अधीनस्थ अधिकारी के बीच लिखा जाता है।
-
प्रेषिती (पाने वाले) का पता: पाने वाले अधिकारी का नाम, पदनाम और पता पत्र के अंत में नीचे बाईं ओर लिखा जाता है।
4. कक्षा 12 (RBSE/CBSE) परीक्षा हेतु मानक प्रारूप
D.O. No. / अ. स. पत्र क्रमांक : …………
[प्रेषक अधिकारी का नाम]
[पदनाम]
प्रिय श्री ………………..,
[मुख्य विषय-वस्तु: उत्तम पुरुष (मैं/हम) शैली में, विषय का संक्षिप्त एवं आत्मीय संदर्भ देते हुए व्यक्तिगत ध्यान देने का अनुरोध।]
सेवा में,
श्री [पाने वाले का नाम]
[पदनाम एवं पता]
5. हल सहित उदाहरण (कक्षा 12वीं परीक्षा हेतु)
प्रश्न : शासन सचिव, शिक्षा विभाग, जयपुर की ओर से जिला कलेक्टर, जयपुर को जिले के राजकीय विद्यालयों में परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने हेतु एक अर्ध-सरकारी पत्र का प्रारूप तैयार कीजिए।
हल :
अ. स. पत्र क्रमांक : शि.वि./स्था./2026/410
सुधीर शर्मा
शासन सचिव
प्रिय श्री अग्रवाल,
जैसा कि आप जानते हैं कि आगामी माह में माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की पूरक परीक्षाएँ आयोजित होने जा रही हैं। इस संबंध में मेरा ध्यान जिले के कुछ संवेदनशील परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था की ओर आकृष्ट हुआ है।
परीक्षाओं को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराना हम सभी की प्राथमिक जिम्मेदारी है। अतः मैं आपसे व्यक्तिगत रूप से अनुरोध करता हूँ कि आप पुलिस प्रशासन के सहयोग से इन परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात कराने का कष्ट करें।
आशा है, आपके व्यक्तिगत हस्तक्षेप से यह कार्य शीघ्र पूर्ण हो सकेगा।
सेवा में,
श्री प्रकाश चंद्र अग्रवाल,
जिला कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट,
जयपुर (राजस्थान)।
तुलनात्मक सारांश (सरकारी पत्र बनाम अर्ध-सरकारी पत्र)
अर्ध-सरकारी पत्र (D.O. Letter)
राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (RBSE) की कक्षा 12वीं हिंदी अनिवार्य (व्यावहारिक सृजनात्मक लेखन) की परीक्षा की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण एवं संभावित अर्ध-सरकारी पत्र (D.O. Letter) के 4 मुख्य प्रश्नों के मानक हल:
प्रश्न 1 : संवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था हेतु
अ.स. पत्र क्रमांक : शि.वि./स्था./2026/410
राजस्थान सरकार
शिक्षा (ग्रुप-1) विभाग, जयपुर
दिनांक : 10 अगस्त 2026
सुधीर शर्मा
शासन सचिव
प्रिय श्री अग्रवाल,
जैसा कि आप जानते हैं कि आगामी माह में माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की पूरक परीक्षाएँ आयोजित होने जा रही हैं। इस संबंध में मेरा ध्यान जिले के कुछ संवेदनशील परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था की ओर आकृष्ट हुआ हैं।
परीक्षाओं को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराना हम सभी की प्राथमिक जिम्मेदारी है। अतः मैं आपसे व्यक्तिगत रूप से अनुरोध करता हूँ कि आप पुलिस प्रशासन के सहयोग से इन परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात कराने का कष्ट करें।
आशा है, आपके व्यक्तिगत हस्तक्षेप से यह कार्य शीघ्र पूर्ण हो सकेगा।
सेवा में,
श्री प्रकाश चंद्र अग्रवाल,
जिला कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट,
जयपुर (राजस्थान)।
प्रश्न 2 : प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के भवन निर्माण में विलंब हेतु
अ.स. पत्र क्रमांक : जि.क./स.नि.वि./2026/185
कार्यालय जिला कलेक्टर
बाड़मेर (राजस्थान)
दिनांक : 12 अगस्त 2026
दिनेश वर्मा
जिला कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट
प्रिय श्री मीणा,
मैं आपका ध्यान ग्रामीण क्षेत्र में निर्माणाधीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के भवन निर्माण कार्य में हो रहे विलंब की ओर आकर्षित करना चाहता हूँ।
उक्त निर्माण कार्य की समयावधि व्यतीत हो चुकी है, किंतु भवन का कार्य अभी तक अपूर्ण हैं। इसके कारण क्षेत्र की आम जनता को आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित होना पड़ रहा है।
अतः मेरा आपसे व्यक्तिगत रूप से अनुरोध हैं कि आप स्वयं स्थल का निरीक्षण कर संवेदक (ठेकेदार) को कार्य शीघ्र पूर्ण करने हेतु निर्देशित करें, ताकि भवन जन-सेवा हेतु समर्पित किया जा सके।
सेवा में,
श्री के. एल. मीणा,
अधिशासी अभियंता, सार्वजनिक निर्माण विभाग,
बाड़मेर (राजस्थान)।
प्रश्न 3 : पेय जल आपूर्ति सुचारु करने हेतु
अ.स. पत्र क्रमांक : स्वा.शा.वि./जल/2026/620
राजस्थान सरकार
स्वायत्त शासन विभाग, जयपुर
दिनांक : 15 अगस्त 2026
अमित गर्ग
शासन सचिव
प्रिय श्री गुप्ता,
जैसा कि सर्वविदित है, अत्यधिक गर्मी के कारण राज्य के विभिन्न नगरीय क्षेत्रों में पेयजल की माँग अत्यधिक बढ़ गई है। हाल ही में कुछ क्षेत्रों से अनियमित जलापूर्ति की शिकायतें प्राप्त हुई हैं।
आम नागरिकों को सुचारू एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है। अतः मेरा आपसे आग्रह हैं कि आप व्यक्तिगत स्तर पर टैंकरों की व्यवस्था एवं पाइपलाइनों की मरम्मत का अनुश्रवण (Monitoring) करें, ताकि जनता को पेयजल संकट का सामना न करना पड़े।
आपके त्वरित सहयोग की अपेक्षा है।
सेवा में,
श्री आर. के. गुप्ता,
मुख्य अभियंता, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग,
जयपुर (राजस्थान)।
प्रश्न 4 : निःशुल्क पाठ्यपुस्तक वितरण अभियान हेतु
अ.स. पत्र क्रमांक : मा.शि./पाठ्य./2026/910
कार्यालय निदेशक, माध्यमिक शिक्षा
बीकानेर (राजस्थान)
दिनांक : 18 अगस्त 2026
रामेश्वर प्रसाद
निदेशक
प्रिय श्री शर्मा,
नवीन शिक्षण सत्र प्रारंभ हो चुका हैं और नोडल केंद्रों पर निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों की आपूर्ति पूर्ण की जा चुकी है।
मेरा ध्यान इस ओर गया है कि आपके जिले के कुछ दूरस्थ विद्यालयों में अभी तक शत-प्रतिशत विद्यार्थियों को पुस्तकें प्राप्त नहीं हुई हैं। पाठ्यपुस्तकों के अभाव में छात्रों का अध्ययन प्रभावित होना चिंताजनक हैं।
आपसे व्यक्तिगत अनुरोध है कि आप स्वयं ब्लॉक स्तर के अधिकारियों की बैठक लेकर आगामी एक सप्ताह में वितरण कार्य पूर्ण करवाएँ तथा मुझे वस्तुस्थिति से अवगत कराएँ।
सेवा में,
श्री एम. एल. शर्मा,
जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक शिक्षा),
अजमेर (राजस्थान)।
परीक्षा की दृष्टि से याद रखने योग्य मुख्य बिंदु
-
1. उत्तम पुरुष शैली : पत्र में हमेशा “मैं” या “मेरा” (First Person) शैली का प्रयोग करें।
-
2. संबोधन व स्वनिर्देश : प्रारंभ में “प्रिय श्री [उपनाम/नाम]” तथा अंत में “शुभेच्छु” या “आपका” लिखें। (“महोदय” व “भवदीय” का प्रयोग वर्जित है।)
-
3. प्रेषिती का स्थान : पाने वाले अधिकारी का नाम, पद और पता पत्र के सबसे नीचे बाईं ओर ही लिखें।
-
4. सीमा रेखा (Box) : उत्तर पुस्तिका में पूरे पत्र को स्केल व पेन से बॉक्स बनाकर प्रस्तुत करें।